जांच दल गठित होने के बाद भी निर्माण कार्य जारी, सचिव और इंजिनियर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
रिपोर्ट: दुर्गेश यादव
जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24
बैतूल। मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा ग्राम पंचायत ढुमका रैय्यत में निर्माण कार्यों को लेकर शिकायतें जिला प्रशासन के समक्ष रखी गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. संजय सोनवडे द्वारा जिला स्तरीय जांच दल गठित किया गया है।
जिला स्तरीय जांच प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद ग्राम पंचायत के सचिव अशोक धुर्वे और इंजिनियर ब्रजलाल इरपाचे द्वारा संबंधित निर्माण कार्यों पर रोक नहीं लगाए जाने को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब मामले की जांच जिला स्तरीय टीम द्वारा की जानी है, तो जांच पूरी होने तक संबंधित निर्माण कार्यों को रोकना आवश्यक है, ताकि मौके की वास्तविक स्थिति में किसी प्रकार का बदलाव न हो।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जांच पूरी होने तक विवादित निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा जांच दल द्वारा मौके का निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच की जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य जारी रहने से जांच की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
जांच दल के आने से पहले तेजी से निर्माण कार्य कराने पर भी सवाल
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि इंजिनियर, एई और सचिव द्वारा जांच दल के आने से पहले निर्माण कार्य इतनी तेजी से क्यों कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, टूटी हुई पुलिया से संबंधित शिकायत की जांच के पहले निर्माण कार्य में तेजी किए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने इसे भी जांच का विषय बताते हुए जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि कलेक्टर महोदय के आदेश के बावजूद निर्माण कार्य जारी है, तो इस संबंध में भी प्रशासन को जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
ग्राम पंचायत ढुमका रैय्यत के पंच आशा यादव, जीवन परते सहित अन्य पंचों ने बताया कि इंजिनियर ब्रजलाल इरपाचे, एई, सचिव और सरपंच के विरुद्ध कथित भ्रष्टाचार की शिकायत मानव अधिकार आयोग एवं लोकायुक्त महोदय से कर न्याय की मांग की जाएगी।
इंजिनियर का पक्ष जानने का प्रयास
इस संबंध में इंजिनियर ब्रजलाल इरपाचे का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जिला स्तरीय जांच दल की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
रिपोर्ट: दुर्गेश यादव
जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें